मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को विदिशा जिले की कुरवाई तहसील की भौंरासा, कांकर, नाउकुण्ड, लायरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में अधिकारियों द्वारा भ्रमण निरीक्षण किया गया एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
     
अधिकारियों ने स्कूल, आंगनबाड़ी, शासकीय उचित मूल्य दुकान, स्वास्थ्य संस्थान, बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, पशु चिकित्सालय एवं पंचायत भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नाउकुण्ड स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान 12 बच्चे अनुपस्थित पाए गए। जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित बच्चों के घर जाकर उनके माता-पिता से चर्चा कर बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने सहकारी समिति में राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। पंचायत भवन में आधार एवं आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए बिना आधार वाले नागरिकों की सूची तैयार कर कार्ड बनवाने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।

उद्यम संवाद में साझा किए व्यवसाय के अनुभव -
   ग्राम पंचायत कांकर में उद्यम संवाद एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक श्री हरिसिंह सप्रे और जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने उद्यमियों एवं ग्रामीणों से संवाद किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशानुरूप नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिले और युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
    उद्यम संवाद में अमित दांगी ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से ऋण लेकर व्यवसाय शुरू करने, साजिद खान ने शासकीय योजना के माध्यम से ऑटो पार्ट्स व्यवसाय तथा राम सेवक दांगी ने उद्यानिकी विभाग की योजना से दाल उद्योग शुरू करने और सब्सिडी का लाभ लेने की जानकारी साझा की।

जनसंवाद में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं -
     ग्राम पंचायत लायरा के पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक एवं जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके आवेदन प्राप्त किए। ग्रामीणों ने नाली निर्माण, पीएम आवास सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने तथा पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

बच्चों को वितरित किए स्कूल बैग -
   मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आज कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने ग्राम पंचायत लायरा के हाई स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए। इसके अलावा एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला नाउकुंड में भी बच्चों को स्कूल बैग प्रदान किए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से प्रतिदिन स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन -
   मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष विदिशा महाराज सिंह ,अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया एवं डिप्टी कलेक्टर श्री मोतीलाल अहिरवार ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला नाउकुंड में पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत संचालित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा नियमित रूप से पौष्टिक भोजन ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।