📰 पूरी खबर:
टीकमगढ़ - जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बमोरी कला गांव में बीती रात चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
एक ही रात में 4 घरों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार चोरों ने गांव निवासी गणपत कुशवाहा, बिंदी अहिरवार, संतोष अहिरवार और रईस पठान के घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया।
सुबह जब परिजनों ने घरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही बमोरी कला पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चारों घरों से करीब 30 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई है। चोरी गए सामान का सही आकलन पुलिस जांच और पीड़ितों के बयान के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल
एक ही रात में चार घरों में हुई चोरी से ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन चोरों पर लगाम नहीं लग पा रही है। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
बमोरी कला पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं और पुलिस के लिए इसे रोकना बड़ी चुनौती बन गया है।