📰 पूरी खबर:

तराना/उज्जैन। उज्जैन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अव्यवस्था के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताज़ा मामला चित्तौड़गढ़ एक्सप्रेस गाड़ी क्रमांक 69231 का बताया जा रहा है, जहां तराना के एक परिवार के साथ किन्नरों द्वारा कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि ट्रेन में कुछ किन्नर शराब के नशे में यात्रियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे तथा विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ बदसलूकी की गई। घटना से परिवार सहित अन्य यात्री भी भयभीत हो गए।

मामले की शिकायत लेकर जब पीड़ित परिवार RPF के पास पहुंचा तो परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालते नजर आए। परिवार का कहना है कि किसी अधिकारी ने शिकायत दर्ज करने से इनकार किया, जबकि कुछ कर्मचारियों ने इसे “रोज की घटना” बताकर टालने की कोशिश की।

पीड़ित पक्ष ने CM हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन सेवा बंद होने की जानकारी मिलने से उन्हें निराशा हाथ लगी। इसके बाद फरियादी के परिजनों ने लिखित शिकायत आवेदन RPF पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन एवं RPF की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि ट्रेनों में परिवार और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी, तो रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा।

फिलहाल मामले में RPF द्वारा जांच किए जाने की बात कही जा रही है।