📰 पूरी खबर:

कायथा (उज्जैन)। कायथा के समीप ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला परिसर में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए खतरा बना हुआ है। ट्रांसफार्मर से जुड़े झूलते तार और क्षतिग्रस्त खंभा किसी भी समय बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में स्थित विद्युत डीपी के दो खंभों में से पूर्व दिशा का एक खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके कारण तार नीचे झूल रहे हैं और कभी भी गिर सकते हैं। विशेष चिंता की बात यह है कि प्राथमिक विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण वर्तमान में माध्यमिक विद्यालय में ही दो पालियों में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। सुबह माध्यमिक शाला और दोपहर में प्राथमिक शाला के विद्यार्थी इसी परिसर में अध्ययन करते हैं।

ग्रामवासियों और पालकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। विद्यालय प्रभारी द्वारा इस समस्या की जानकारी विद्युत मंडल कायथा एवं संकुल प्राचार्य कायथा को देकर शीघ्र समाधान की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अधिकारी का पक्ष

इस संबंध में विद्युत मंडल अधिकारी तराना विजय गंगवाल (डीई) ने कहा कि,
"आवेदन की जानकारी आपको कायथा विद्युत उपकेंद्र से मिलेगी। यदि स्कूल वालों को ट्रांसफार्मर हटवाना है तो वह स्वयं के खर्च पर हटेगा।"

अब देखना यह होगा कि विभाग बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देता है और संभावित दुर्घटना से पहले कोई ठोस कदम उठाता है या नहीं।