पटवारी आत्महत्या मामला गरमाया: 7 दिन की मोहलत पर सहमति, अब होगा पोस्टमार्टम

Spread the love

रतलाम | पवन धाकड़

रतलाम जिले के आलोट में हुए पटवारी आत्महत्या मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मृतक पटवारी रविशंकर खराड़ी के परिजन, पटवारी संघ एवं आदिवासी नेताओं ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए कार्रवाई के लिए 7 दिन की मोहलत मांगी है। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

मामले को लेकर औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और समाजजनों से चर्चा की तथा उन्हें 7 दिन का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से भी इस मांग को स्वीकार करते हुए कार्रवाई के लिए समय दिया गया है।वहीं, क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भी इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “7 दिन आपके, आठवां दिन मेरा होगा”, यानी यदि तय समय में न्याय नहीं मिला तो वे खुद आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

बताया जा रहा है कि परिजन फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन प्रशासन के आश्वासन के बाद सहमति बन गई है कि 7 दिन की अवधि पूरी होने के बाद मृतक पटवारी रविशंकर खराड़ी का पोस्टमार्टम किया जाएगा इस पूरे घटनाक्रम के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सभी की नजरें अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *