मध्यप्रदेश के नीमच से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नीमच सिटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 19 अप्रैल 2026 को नीमच-मनासा रोड पर करंट वाले बालाजी मंदिर के पास पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल सवार पुलिस नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश करने लगा।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, जिसमें आरोपियों के पास से 6 किलो अवैध डोडाचूरा और 150 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के नाम
मोहम्मद अशरफ उर्फ बब्बु, अजरखान उर्फ समीर और फरदीन—तीनों नीमच जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 22 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। नीमच से यह बड़ी कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में एक अहम कदम मानी जा रही है।