नीमच! मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी सरवानिया महाराज को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 52 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, साथ ही मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी सह-आरोपी बनाया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक नीमच श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना जावद एवं चौकी सरवानिया महाराज पुलिस टीम द्वारा की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 21.04.2026 को चौकी सरवानिया महाराज थाना जावद को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक के दौरान ग्राम मोरवन–लासुर रोड, धामनिया फंटा पर वाहन चेकिंग की गई।
इस दौरान एक मारुति सुजुकी इग्निस कार (क्रमांक RJ 22 CC 6609) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तीन काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ कुल 52 किलो 500 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी मदनलाल पिता गोवर्धनराम विश्नोई (उम्र 27 वर्ष), निवासी हमीरनगर फींच, थाना लूणी, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि उक्त मादक पदार्थ विक्रम सिंह पिता नवल सिंह बोराना, निवासी ग्राम विसनिया, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच (म.प्र.) द्वारा उपलब्ध कराया गया था। उसे भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- मदनलाल पिता गोवर्धनराम विश्नोई, उम्र 27 वर्ष
निवासी – हमीरनगर फींच, थाना लूणी, जिला जोधपुर (राजस्थान)
फरार आरोपी
- विक्रम सिंह पिता नवल सिंह बोराना
निवासी – ग्राम विसनिया, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच (म.प्र.)
जप्त मशरूका
- 52 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा
- मारुति सुजुकी इग्निस कार (RJ 22 CC 6609)
- कुल अनुमानित कीमत: ₹6,70,000/-
दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।