महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट- वैद शर्मा

अनूपपुर | 24 अप्रैल 2026 कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कार्यों में गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँच सके।

कलेक्टर श्री पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समग्र सत्यापन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए तथा लाडली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य अनुसार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने पोषण ट्रैकर एप पर अपार एवं आभा आईडी की प्रविष्टि, टीएचआर वितरण तथा एनआरसी में बच्चों की भर्ती की प्रगति की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सभी पर्यवेक्षक नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें, जिससे वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर लाभ प्रदान किया जाए।

समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद परस्ते, सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा सहित विभागीय परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *