पन्ना जिले में गेहूं खरीदी में आ रही तकनीकी बाधाओं और स्लॉट बुकिंग न होने से नाराज किसानों का गुस्सा आज फूट पड़ा। शुक्रवार, 24 अप्रैल को तपती धूप के बीच सैकड़ों किसानों ने तिलगुवां मोड़ पर एकत्रित होकर पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। पटवारी हल्का नंबर 25 समेत कई क्षेत्रों में फसल सत्यापन न होने से किसान ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं कर पा रहे हैं। पूर्व में संचालित 9 केंद्रों को घटाकर केवल 2 कर दिया गया है, जिससे छोटे किसानों को आर्थिक चपत लग रही है।
किसानों का आरोप है कि 15 मार्च से शुरू होने वाली खरीदी 23 अप्रैल तक सुचारू नहीं हो पाई है। किसान नेता मोहम्मद रेहान के नेतृत्व में नायब तहसीलदार शशिकांत दुबे को ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटों के भीतर स्लॉट बुकिंग और खरीदी शुरू नहीं हुई, तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल जाम खोल दिया गया है, लेकिन किसान अब भी अपनी मांगों पर अड़े हैं।