रिपोर्ट- वैद शर्मा
अनूपपुर | 24 अप्रैल 2026 राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस 24 अप्रैल 2026 के अवसर पर जैतहरी जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत छुल्हा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाल्मिक राठौर, जनपद अध्यक्ष जैतहरी श्री राजीव सिंह, जनपद जैतहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.के. रैकवार, परियोजना अधिकारी मनरेगा श्री रवेन्द्र पटेल, जिला समन्वयक श्री संदीप शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंचायती राज व्यवस्था के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली लोकतंत्र की रीढ़ है, जो ग्रामीण विकास और जनता की भागीदारी को मजबूत बनाती है। सभी ने मिलकर पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत केल्हौरी के सचिव श्री संजय सिंह परिहार द्वारा किया गया, जबकि ग्राम पंचायत छुल्हा के सचिव श्री पुष्पेंद्र पाण्डेय का आयोजन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।