अनूपपुर 18 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में जिले भर में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत जल संरचनाओं के पुनरुद्धार का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को विकासखंड जैतहरी के ग्राम खूंटाटोला में स्थित बावड़ी की साफ-सफाई हेतु ‘जल स्रोत सेवा समागम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जन अभियान परिषद के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में नवांकुर संस्था आनंदम सोशल वेलफेयर सोसाइटी के कार्यकर्ताओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर बावड़ी के भीतर जमा कचरा, जलकुंभी और मिट्टी को हटाया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों को पुनर्जीवित कर जल स्तर में सुधार लाना है।
यह कार्यक्रम जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक श्री फतेह सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनों को जल के महत्व और जल संरचनाओं के संरक्षण की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे न केवल इन जल स्रोतों की सफाई करें, बल्कि इन्हें भविष्य के लिए सुरक्षित भी रखें। जिला प्रशासन के नेतृत्व में इस अभियान को अब जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस पुनीत कार्य में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति छातापटपर की अध्यक्ष श्रीमती रामबाई सिंह, मुंडा समिति की अध्यक्ष श्रीमती नैना अग्रवाल, संतोष पड़वार सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।