संदिग्ध अवस्था में कुएं में मिला मां-बेटे का शव, परिजनों ने लगाए हत्या का आरोप

Spread the love

टीकमगढ़ जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलसी के चिरौल स्थित चांदा मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत पर बने एक कुएं में नवविवाहिता महिला और उसके मासूम बच्चे का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान काशीबाई लोधी (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ उसके करीब 2 वर्षीय पुत्र अभिराज लोधी का शव भी कुएं में मिला। बताया जा रहा है कि काशीबाई अपने ससुराल पक्ष से लंबे समय से परेशान थी। आरोप है कि उसका पति राहुल लोधी उसके साथ अक्सर मारपीट करता था।
मृतिका की मां पुनिया लोधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि काशीबाई का विवाह करीब 5 वर्ष पूर्व भेलसी निवासी राहुल लोधी के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। हाल ही में मकर संक्रांति के अवसर पर मायके आने पर उसने अपने परिजनों को अपनी पीड़ा भी बताई थी।

बताया गया कि काशीबाई दो दिन से घर से लापता थी, जिसकी सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। गुरुवार को सूचना मिली कि महिला और उसका बच्चा कुएं में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और एसडीओपी राहुल कटरे मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि काशीबाई और उसके बच्चे की पहले मारपीट कर हत्या की गई और फिर शव को कुएं में फेंक दिया गया। परिजनों के हंगामे के बीच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वाईट एसडीओपी राहुल कटरे टीकमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *