जिला अस्पताल के सामने सांडों का संग्राम, दो बाइक गिरीं, लोगों में दहशत, जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए लोग, कहां नगर पालिका, पढ़िए खबर

Spread the love

डिंडोरी। रविवार को जिला अस्पताल के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड आपस में भिड़ गए। लड़ते-लड़ते सांड सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों से टकरा गए, जिससे दोनों बाइक गिर गईं। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 15 मिनट तक सड़क पर सांडों का संग्राम चलता रहा। इस दौरान यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति तब काबू में आई, जब दो युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए डंडों की मदद से सांडों को वहां से भगाया।

स्थानीय निवासी योगेंद्र बर्मन उर्फ बाबी ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन आवारा मवेशी सड़क पर बैठे रहते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का हाका गैंग होने के बावजूद समस्या जस की तस है। “लगता है नगर परिषद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है,” उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा।

वहीं, नगर परिषद सीएमओ अमित तिवारी ने बताया कि टीम भेजकर आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला भिजवाने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *