रिपोर्टर पवन धाकड़
जावरा में पदस्थ तहसीलदार पारस वैश का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें अब सैलाना अनुविभाग क्षेत्र में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनके स्थान पर सहदेव मौरे को नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है। मौरे, धार जिले से स्थानांतरित होकर आए हैं और उन्होंने शुक्रवार को जावरा कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया।
इससे पहले पारस वैश को यहां से विधिवत रिलीव कर दिया गया। कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था में यह फेरबदल शुक्रवार सुबह किया गया, जिसके बाद शाम तक दोनों अधिकारियों ने अपनी-अपनी नई जिम्मेदारियां संभाल लीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत तहसीलदार सहदेव मौरे ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और क्षेत्र की जानकारी ली। इस दौरान नायब तहसीलदार वैभव जैन सहित कार्यालय स्टाफ ने उनका स्वागत किया।
मौरे ने बताया कि सैटेलाइट रिपोर्ट के आधार पर खेतों में गेहूं फसल बुवाई का सत्यापन शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि किसान समय पर समर्थन मूल्य केंद्रों पर अपनी उपज बेच सकें।