श्रीमती सावित्री ठाकुर ने जमीन से लगभग 70 फीट नीचे उतरकर किया रेलवे टनल निर्माण कार्य का निरीक्षण, इंदौर दाहोद रेल परियोजना निर्माण कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के दिये निर्देश

Spread the love

धार! धार लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद एवं केंद्रीय महिला व बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर जी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध हैं। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है और आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है।

इसी क्रम में लोकसभा सत्र की समाप्ति के पश्चात श्रीमती सावित्री ठाकुर जी दिल्ली से इंदौर आकर सीधे पीथमपुर क्षेत्र के टीही पहुंचीं, जहां इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन टनल कार्य का उन्होंने स्थल निरीक्षण किया। श्रीमती ठाकुर ने स्वयं जमीन से लगभग 70 फीट नीचे उतरकर टनल निर्माण कार्य की प्रगति को नजदीक से देखा और कार्य की गुणवत्ता एवं गति का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित रेलवे अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग रही है, अतः इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न करने पर भी विशेष जोर दिया।

रेलवे अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि यह टनल लगभग 3 किलोमीटर लंबी है और वर्तमान में कार्य तेज गति से प्रगति पर है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आगामी तीन माह के भीतर टनल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पूर्ण होते ही इंदौर से धार तक सीधा रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह रेलवे परियोजना न केवल यातायात को सुलभ बनाएगी, बल्कि धार एवं आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर धार विधायक माननीय श्रीमती नीना विक्रम वर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रही । इसके साथ ही भाजपा नेता श्री प्रकाश धाकड़ जी, मंडल अध्यक्ष श्री गणेश जायसवाल जी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारीगण भी मौजूद रहे। सभी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए समय पर इसके पूर्ण होने की आशा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *