अनूपपुर जिले के कोतमा नगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बस स्टैंड के पास स्थित अग्रवाल होटल की बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग गिरने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के काफी समय बाद तक पुलिस और प्रशासन का अमला मौके पर नहीं पहुंचा था। पत्रकारों द्वारा कोतमा टीआई को दो बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई।
वहीं, कलेक्टर हर्षल पंचोली को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने एसडीएम कोतमा को तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने भी तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है। इस हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी पुष्टि अभी बाकी है।