अनूपपुर 01 अप्रैल 2026! कलेक्टर हर्षल पंचोली ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उप तहसील बिजुरी के नायब तहसीलदार को लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने आज उप तहसील कार्यालय बिजुरी के निरीक्षण के दौरान राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा नक्शा तरमीम सहित विभिन्न प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने प्रकरणों की आर्डर शीट, नंबरिंग, प्रकरण क्रमांक एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का भी अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व प्रकरणों का संधारण व्यवस्थित ढंग से किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
कलेक्टर श्री पंचोली ने निर्देश दिए कि रीडर एवं पीठासीन अधिकारी प्रत्येक प्रकरण को आरसीएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। साथ ही, प्रकरणों की दिनांकवार पेशी सुनिश्चित करते हुए नियमित सुनवाई की जाए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण हो सके। कलेक्टर पंचोली ने कहा कि राजस्व मामलों के समयबद्ध निपटारे से आम नागरिकों को राहत मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता एवं विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए।
इस दौरान अधीक्षक भू अभिलेख श्री प्रदीप कुमार मोगरे, नायब तहसीलदार श्री लोकेंद्र सिंह सहित राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।