MP: नीमच पुलिस महकमे में हड़कंप, हेड कांस्टेबल की मौत के बाद सुसाइड नोट बरामद, मौत पर उठे सवाल, कथित वसूली और प्रताड़ना का जिक्र, 4 पन्नों के सुसाइड नोट ने खोला पुलिस लाइन का राज

Spread the love

नीमच जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कनावटी पुलिस लाइन में पदस्थ 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल होशियार सिंह की जहरीला पदार्थ सेवन करने से इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर होशियार सिंह अपनी स्कूटी से कंट्रोल रूम पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां ज्ञानोदय अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बाद में शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया और सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया।

मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब मृतक के पास से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि इस नोट में विभाग के कुछ अधिकारियों पर प्रताड़ना और कथित अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं। ड्यूटी लगाने और रोजनामचा लिखने के नाम पर 5 से 10 हजार रुपये तक की वसूली का उल्लेख भी किया गया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मृतक के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीएसपी किरण सिंह चौहान ने कहा है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

फिलहाल परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक निवास हरियाणा ले जाने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *