पीएम श्री शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय खलघाट में नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत प्रवेशोत्सव के साथ उत्साहपूर्वक की गई। विद्यालय परिसर को रंगोली, तोरण, बंदनवार और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर प्राचार्य और शिक्षकों ने नवप्रवेशी छात्रों का पुष्प वर्षा और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सरस्वती मंदिर में सामूहिक पूजन कर सरस्वती वंदना की। प्राचार्य श्रीमती अलका भदौरिया ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव का लाइव प्रसारण भी डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, साथ ही विद्यार्थियों को विशेष भोज भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों को आदर्श विद्यार्थी बनने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नर्सरी से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राएं और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।