पिपलियामंडी। महू-नीमच हाईवे मार्ग पर स्थित नगर की चौपाटी पर मुख्य सड़क पर खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के चलते यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह रही कि हाल ही में जाम के दौरान मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस तक फंसी रही, जिससे स्थिति की गंभीरता साफ नजर आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौपाटी क्षेत्र में दुकानों के सामने वाहन खड़े करने से सड़क संकरी हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां नियमित निगरानी रखी जाए और सड़क पर खड़े वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि जाम और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।