रिपोर्ट जमील खान
टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात 10 साल की मासूम बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वकार भाटा में बच्ची का शव संदिग्ध हालत में एक खेत में पड़ा मिला, जिसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पलेरा के वार्ड 3 निवासी रमेश – आदिवासी की बेटी पार्वती – आदिवासी सोमवार दोपहर से – लापता थी। परिजन और ग्रामीण उसे लगातार तलाश कर रहे थे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार रात को उसका शव घर से करीब 600 मीटर दूर एक खेत में मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्ववॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। मासूम के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।