नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, खलघाट में 17 अप्रैल 2026 को एक प्रेरणादायक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत तिलक एवं मोतियों की माला पहनाकर किया गया।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त व्याख्याता उषा वर्मा ने अपने उद्बोधन में नारी की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए महिला सशक्तिकरण पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
इस दौरान उच्च माध्यमिक शिक्षक माधुरी पाटीदार ने “कोमल है कमजोर नहीं तू, शक्ति का नाम ही नारी है” तथा व्यावसायिक प्रशिक्षक (आईसीटी) टीना केवट ने “ये बेटियाँ तो बाबुल की रानियाँ हैं” कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल निर्मित किया।
संस्था प्राचार्य अलका भदौरिया ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” की विस्तृत जानकारी देते हुए रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, माता जीजाबाई और पन्ना धाय जैसी वीरांगनाओं के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज नारी हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विजय शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, कन्या मिडिल स्कूल स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में बच्चों को टॉफी वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।