शाजापुर जिले के अकोदिया से बड़ी खबर, जहां 42 डिग्री की भीषण गर्मी में लोग सड़क पर उतर आए और शराब ठेके के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अकोदिया मंडी के वार्ड क्रमांक 8 में रिहायशी इलाके में शराब ठेका शिफ्ट किए जाने के विरोध में शनिवार को सैकड़ों महिला-पुरुषों ने शुजालपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब 2 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दरअसल, रहवासियों ने 3 दिन पहले प्रशासन को ज्ञापन देकर ठेका हटाने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज लोग सड़क पर उतर आए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत और तहसीलदार कन्हैया लाल चौहान मौके पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शराब ठेके के कारण इलाके में गाली-गलौज, हंगामा और असुरक्षा का माहौल बन रहा है, जिससे महिलाएं और बच्चे खासे परेशान हैं।प्रशासन ने मौके पर ही ठेके को सील कर दिया, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और यातायात बहाल हो सका। हालांकि रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका स्थायी रूप से नहीं हटाया गया, तो फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।