मोरटक्का पुल बना मौत का पुल: आयशर की टक्कर से युवक ने रास्ते में तोड़ा दम

Spread the love

संवाददाता – घनश्याम माहिल्या

नर्मदा नदी के मोरटक्का पुल पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन सिंह चौहान (35 वर्ष), पिता पृथ्वी सिंह चौहान, निवासी सुराणा नगर, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे बड़वाह से सनावद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सनावद से बड़वाह की ओर आ रही तेज रफ्तार आयशर वाहन ने मोरटक्का पुल पर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोहन सिंह को शरीर के एक हिस्से में गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जहां पायलट राहुल सोलंकी और EMT डॉ. राजेश बागरी ने घायल को तत्काल बड़वाह के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही मोहन सिंह ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक मोहन सिंह चौहान MPEB (मध्य प्रदेश विद्युत मंडल) में पदस्थ थे। हादसे के बाद पुलिस ने आयशर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना एक बार फिर मोरटक्का पुल पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *