मल्हारगढ़ को 85 करोड़ की सौगात, दिसंबर 2026 तक हर खेत में पहुंचेगा गांधी सागर का पानी, सड़क-पानी और शिक्षा को मिली नई दिशा

Spread the love

मंदसौर से रवि पोरवाल

मंदसौर 24 अप्रैल 2026/ मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में आज विकास कार्यों को नई गति प्रदान करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह द्वारा कुल 85.61 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने हेतु अनेक महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। भूमिपूजन किए गए कार्यों में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से गर्रावद से चिल्लोद पिपलिया मार्ग, 2.70 करोड़ रुपये की खड़पालिया से काल्याखेड़ी पहुंच मार्ग, 3.43 करोड़ रुपये की गुर्जरबर्डिया से गुर्जरबर्डिया महादेव मंदिर मार्ग तथा 4.59 करोड़ रुपये की मुंडकोषा से सुजानपुरा मार्ग शामिल हैं।
इसी प्रकार लोकार्पण किए गए कार्यों में 45.84 करोड़ रुपये की लागत से नारायणगढ़ से बिल्लोद (व्हाया बादरी, रिछा, बूढ़ा, टकरावद, नापाखेड़ा) मार्ग, 11.20 करोड़ रुपये की मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग, 5.77 करोड़ रुपये का पिपलियामंडी बायपास मार्ग तथा 10.38 करोड़ रुपये की लागत से बालागुड़ा पेट्रोल पंप से खेडाखदान, खोखरा, सोनी पिपलिया सोलंकी मार्ग शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बजट में 450 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़कों के निर्माण हेतु आवश्यक मिट्टी एक ही स्थान से ली जा रही है, जहां ‘लोक कल्याण सरोवर’ विकसित किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में 508 सरोवर बनाए जा चुके हैं तथा इस वर्ष 600 और सरोवर निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त सड़कों के किनारे लगभग 1000 रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर कार्य कर रही है, ताकि विकास कार्य भविष्य में विनाश का कारण न बनें। गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे आगामी 50 से 100 वर्षों तक इन कार्यों का लाभ जनता को मिलता रहे।

सरकार की सोच विकासवादी हैं। सरकार लगातार जनता के लिए जनहित में योजनाएं बना रही है। विकास की स्थिति बहुत अच्छी है। काम दिख रहे हैं। यह इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। विकास से कोई समझौता नहीं है। बिना मांगे ही विकास की सौगातें मिल रही है। विकसित मध्य प्रदेश में एक साथ कदमताल से बढ़ रहे हैं। विकास हमेशा जनहित में जन कल्याण के लिए होगा। निर्माण से लोक निर्माण विभाग भविष्य के सपनों को साकार कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर का पानी मल्हारगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में क्षेत्र का कोई भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा और हर किसान को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है और गांवों से भी अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें चार सांदीपनी विद्यालयों की स्थापना सहित अनेक कार्य शामिल हैं।

लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। पीएम श्री स्कूल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हो रहा है तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंदसौर संसदीय क्षेत्र देश का ऐसा उदाहरण बनेगा, जहां कोई भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा।

राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में सड़कों और पानी की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने इसे समग्र एवं संतुलित विकास का परिणाम बताते हुए कहा कि क्षेत्र में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हुई है, जो विकास को निरंतर गति प्रदान कर रही है।

इस दौरान लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, श्री मदन लाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *