अनूपपुर जिला जेल में बड़ा स्वास्थ्य शिविर: 322 बंदियों की जांच, गंभीर मरीज रेफर

Spread the love

अनूपपुर स्थित जिला जेल में 25 अप्रैल 2026 को एक व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री विवेक अग्रवाल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायालय अनूपपुर के जिला न्यायाधीश प्रथम की विशेष उपस्थिति रही। शिविर का संचालन जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. सी. राय तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय अनूपपुर डॉ. आर. पी. परस्ते के निर्देशन में किया गया।

इस स्वास्थ्य शिविर में सर्जिकल विशेषज्ञ, न्यूरो सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग चिकित्सक, मेडिसिन, गाइनी, दंत चिकित्सक सहित कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट, नर्सिंग ऑफिसर और लैब टेक्नीशियन ने भी अपनी सेवाएं दीं। शिविर में जिला जेल के कुल 322 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 307 पुरुष और 15 महिला बंदी शामिल रहे।

जानकारी के अनुसार, मेडिसिन विभाग में 105 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से एक मरीज को जिला चिकित्सालय अनूपपुर तथा एक को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया। न्यूरो विभाग में 5 मरीजों में से 2 को जिला चिकित्सालय और 1 को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया। सर्जरी विभाग में 19 मरीजों में से 1 को रेफर किया गया, जबकि ऑर्थोपेडिक्स में 40 मरीजों में से 5 को जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा गया। नेत्र रोग विभाग में 28 मरीजों का परीक्षण कर 3 को चिन्हित किया गया, जिनमें से 2 को आगे उपचार हेतु रेफर किया गया।

इसके अलावा दंत रोग के 27, ईएनटी के 13, स्त्री रोग के 4 मरीजों का परीक्षण किया गया। साथ ही एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफलिस की जांच 36 बंदियों की की गई।
टीबी के 47 मरीजों की जांच तथा 36 लोगों की एक्स-रे जांच भी की गई। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार के लिए रेफर करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *