समीक्षा बैठक में मंत्री सिलावट ने दिए निर्देश, बायपास फ्लायओवर और अंडरपास जल्द होंगे तैयार

Spread the love

इंदौर से संतोष व्यास

प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज शनिवार को अपने निज निवास कार्यालय पर एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन अर्जुन बरोदा, झलारिया, एमआर-10 और रालामंडल फ्लायओवर और अंडरपास के विकास कार्यों की समीक्षा की। मंत्री सिलावट ने समीक्षा के दौरान बताया कि अर्जुन बरोदा पर 1 किलोमीटर 6 लेन सड़क 60 मीटर के अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है और लाईट, रोड मार्किंग इत्यादि का कार्य अतिशीघ्र समाप्त कर इसे टेस्टिंग के लिए चालू कर दिया जायेगा। इसी प्रकार झलारिया और एमआर-10 पर निर्माणाधीन अंडरपास का निर्माण कार्य भी चल रहा है जिसका कार्य बारिश के पूर्व समाप्त कर आम जनता के लिए चालू कर दिया जायेगा। यह सभी फ्लायओवर और अंडरपास का निर्माण अतिशीघ्र होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के द्वारा लोकार्पण कराया जायेगा।

मंत्री सिलावट ने बायपास पर लम्बा जाम लगने पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि सर्विस रोड और स्ट्रीट लाईट बंद से होने ग्रामीण और शहरी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है, जिसका निराकरण जल्दी करें और सर्विस रोड आदि का निर्माण भी अतिशीघ्र करें। इस अवसर पर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव, अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष रवि वाजपेई मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *