इंदौर से संतोष व्यास
इंदौर जिले के देपालपुर क्षेत्र में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। चमन चौराहा लोहार पट्टी स्थित मानवी मोबाइल शॉप में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नगदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक शुभम पटेल 23 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए।
दुकान के दूसरे कमरे की छत पर लगी उजालदानी की सरिया टूटी हुई पाई गई, जिससे साफ है कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। चोरों ने लगभग 25 हजार रुपये नकद, एक नया मोबाइल और तीन पुराने रिपेयर मोबाइल चोरी कर लिए। सबसे खास बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके पर अपना एक गमछा भी छोड़ गए, जो अब पुलिस जांच का अहम सुराग माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।