ग्राम पंचायत बीड़ में जल संचय की बड़ी पहल, कृषक हरि सिंह के खेत में तालाब का निर्माण कार्य प्रगति पर

Spread the love

अनूपपुर 18 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुसार जिले भर में जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन हेतु ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ पूरी सक्रियता से चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जनपद पंचायत अनूपपुर की ग्राम पंचायत बीड़ में जल संरक्षण के कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। वर्तमान में यहाँ के कृषक श्री हरि सिंह (पिता श्री हीरा) के खेत में खेत तालाब का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

​कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार, जिले में जल संरचनाओं के निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ग्राम पंचायत बीड़ में निर्माणाधीन यह खेत तालाब भविष्य में वर्षा जल के संग्रहण का मुख्य स्रोत बनेगा। निर्माण कार्य की प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी द्वारा की जा रही है, ताकि मानसून से पूर्व जल संचयन की यह संरचना तैयार हो सके।

​निर्माणाधीन तालाब न केवल संबंधित कृषक की सिंचाई जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि इससे आसपास के क्षेत्र के भू-जल स्तर (Ground Water Level) में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। “खेत का पानी खेत में” के सिद्धांत पर आधारित यह कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *