बरेठी में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने सूदखोरी और प्रताड़ना का लगाया आरोप

Spread the love

सागर ! बंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेठी निवासी चंद्र रानी अहिरवार (40 वर्ष), पत्नी दशरथ अहिरवार, की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।मृतका के परिजनों ने बिच्छू अहिरवार एवं उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि चंद्र रानी ने उनसे ब्याज पर पैसे लिए थे, जिसके बाद से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। बार-बार पैसों की मांग, धमकी और दबाव के चलते वह लंबे समय से तनाव में थी।

परिजनों का आरोप है कि सूदखोरों द्वारा की जा रही मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ही चंद्र रानी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही बंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय सूदखोरों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *