अनूपपुर! पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एस.डी.ओ.पी. नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को मुम्बई (महाराष्ट्र) से दस्तयाब कर नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर साथ भगाकर दुष्कर्म का आरोपी अमन राजपूत निवासी उन्नाव (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। दिनांक 17.03.2026 को 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के स्कूल ना पहुंचकर अचानक बिना बताये कहीं चले जाने एवं ना मिलने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 173/26 धारा 137(2) बी. एन. एस. पंजीबद्ध किया गया। टी आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक हुरुननिशा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर, आरक्षक सत्यवीर तोमर एवं सायबर सेल अनूपपुर से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार एवं आरक्षक पंकज मिश्रा की संयुक्त टीम के द्वारा उक्त नाबालिग बालिका की लगातार प्रयास कर पतासाजी की गई । उक्त नाबालिग बालिका को मुम्बई (महाराष्ट्र) के पुलिस थाना खार अंतर्गत गोरेगांव से आरोपी अमन राजपूत पिता प्रेमकुमार राजपूत उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम भगवंतपुर थाना नवाबगंज जिला उन्नाव (उत्तरप्रदेश) के कब्जे से दस्तयाब कर परिजनो को सुपुर्द किया गया है।
प्रकरण की विवेचना प्रभारी एसडीओपी अनूपपुर श्री नवीन तिवारी जी द्वारा की जाकर आरोपी अमन राजपूत को उक्त अनुसूचित जाति की नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर साथ में भगा ले जाने एवं दुष्कर्म किये जाने के आरोप में धारा 137(2), 64(2) (एम) बी. एन. एस. एवं 5 एल, 6 पाक्सो एक्ट एवं 3(2) (V) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान जी द्वारा नाबालिग बालिका को मुम्बई से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौंपे जाने हेतु पुलिस टीम को पुरुष्कृत किये जाने की घोषणा की है।
इन्स्टाग्राम पर अनजान से दोस्ती और विश्वास करना पड़ा भारी
नाबालिग बालिका से महिला पुलिस अधिकारी द्वारा की गई पूछताछ पर विवेचना में पाया गया कि 17 वर्षीय नाबालिग बालिका का स्मार्ट फोन से इन्स्टाग्राम सोशल मीडिया के द्वारा आरोपी अमन राजपूत से कुछ महीने पूर्व पहचान और दोस्ती हुई थी । आरोपी अमन राजपूत ने मुम्बई में स्वयं का फूड रेस्टोरेन्ट मालिक होना बताकर नाबालिग बालिका को इन्स्टाग्राम के जरिये लगातार सम्पर्क कर बहला फुसलाया और दिनांक 17.03.2026 को आरोपी ट्रेन से अनूपपुर रेल्वे स्टेशन पहुंचा। जहां नाबालिग बालिका जो स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी रेल्वे स्टेशन अनूपपुर पहुंच गई जहां से आरोपी ने बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाकर मुम्बाई में अपने साथ रखकर शारीरिक दुष्कर्म किया। नाबालिग बालिका को मुम्बई पहुंचकर पता चला कि आरोपी का फूड रेस्टोरेन्ट मालिक नहीं है बल्कि वह जोमेटो कंपनी में डिलिवरी बाय का का काम करता है और झुग्गी – झोपड़ी में रहता है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर की अपील
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती और रहमान जी द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने नाबालिग बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर सतत निगरानी रखें तथा इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क से बचने के लिए जागरूक करें, जिससे इस प्रकार के अपराधों से बालक बालिकाओं को सुरक्षित रखा जा सके।