पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पुरैना के दिवहाई हार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ पानी लेने गए एक 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरैना निवासी प्रताप सिंह (28 वर्ष) बुधवार सुबह घर से पास ही स्थित हैंडपंप पर पानी भरने के लिए निकला था। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी प्रताप घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद, दिवहाई हार के पास प्रताप का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसे संदिग्ध मानकर चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम के साथ-साथ तनाव का माहौल है।
लोकेशन- पन्ना
रिपोर्टर- अनूप कुमार