शाजापुर (गुलाना)। वेतन विसंगति को लेकर गुरुवार को गुलाना तहसील क्षेत्र के समस्त कोटवार एकत्रित हुए और तहसीलदार रितेश जोशी को ज्ञापन सौंपा। कोटवार संघ ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा अक्टूबर 2025 से सभी कोटवारों के पारिश्रमिक में ₹500 की वृद्धि का आदेश जारी किया गया था, जिसके अनुसार अक्टूबर माह से ही बढ़ा हुआ वेतन मिलना था।
लेकिन गुलाना तहसील के कोटवारों को वर्तमान माह में प्राप्त वेतन शासन द्वारा निर्धारित बढ़ोतरी के अनुसार नहीं मिला, बल्कि आधा भुगतान किया गया, जिससे कोटवारों में असंतोष व्याप्त है।
कोटवार संघ तहसील संगठन मंत्री रामलाल कोटवार ने बताया कि जिले की अन्य तहसीलों में कोटवारों को ₹500 की वृद्धि का लाभ मिल चुका है, जबकि गुलाना तहसील के कोटवार इस लाभ से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि शासन के आदेशानुसार गुलाना तहसील के समस्त कोटवारों को भी पूर्ण वेतन वृद्धि का लाभ शीघ्र प्रदान किया जाए।